ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के दुलारगंज बाजार में बुधवार को वरिष्ठ समाजसेवी विश्वजीत पांडे की व्यवस्था एवं नेतृत्व में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश संयोजक डॉ. राकेश राय ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संयोजक एवं कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अंबरीश सिंह भोला उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. राकेश राय ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सेवा, समरसता और जागरूकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में संगठन ने प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है। संगठन का उद्देश्य समाज के बीच रहकर जनहित के कार्य करना, जरूरतमंदों की सहायता करना तथा सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी विश्वजीत पांडे ने कहा कि दुलारगंज बाजार में हिंदू युवा वाहिनी कार्यालय का शुभारंभ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह, अशोक चंद्र प्रजापति, राजकुमार शर्मा, अजीत सिंह, संजय गौतम, बबलू यादव, महेंद्र प्रसाद पांडे, मोनू सिंह, रमेश सिंह, जसवंत सिंह, महेंद्र दीक्षित, श्रीप्रकाश पांडे, राजवंत सिंह सहित अनेक क्षेत्रीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन आयोजक विश्वजीत पांडे द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
रिपोर्ट-एमके राय