बूढनपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के अतरैठ गांव निवासी प्रवेश यादव ने तहरीर देकर बताया कि उनका भाई अभिषेक यादव बीते 11 अप्रैल को घर से गाड़ी लेकर नेपाल के लिए निकला। 13 अप्रैल को वह वापस अपने घर आ रहा था लेकिन बीच रास्ते से ही कहीं गायब हो गया। इसके बाद न तो उसका कोई सुराग मिल रहा है और न ही उसका फोन लग रहा है।
पीड़ित प्रवेश अपने भाई को खोजते हुए गोरखपुर पहुंचा जहां पर स्थानीय पुलिस द्वारा उसे यह कह कर वापस भेज दिया गया कि जाओ और अपने स्थानीय थाने में केस दर्ज कराओ तब हम जांच करेंगे। पीड़ित का कहना है कि वह अपने भाई की खोजबीन करते हुए उस टोल प्लाजा पर पहुंचा जहां पर आखिरी बार उसके भाई के गाड़ी का टोल कटा था। वहां पर सीसीटीवी फुटेज चेक कराया और यह प्रमाणित हुआ की गाड़ी उसी टोल प्लाजा से आगे आई है लेकिन आगे जाकर गाड़ी सहित अभिषेक कहां गायब हो गया इसका कोई पता नहीं चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
जिन लोगों ने गाड़ी बुक किया था उन लोगों का न तो फोन लग रहा है और न ही कोई स्थाई पता मिल रहा है। जिसके माध्यम से गाड़ी की बुकिंग हुई थी बताया जा रहा है उसका भी फोन स्विच ऑफ आ रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक पखुआडीह के रहने वाले अरमान नामक युवक ने अर्टिगा कार बुक कराई थी। परिवार का कहना है कि इन सब घटनाओं के बाद उन्हें कई तरह का भय सता रहा है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह