कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप, हालत गंभीर

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां थाना क्षेत्र के महुआरी गांव में कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की बहन प्रियंका सिंह पुत्री भोला सिंह निवासी महुआरी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके ही परिवार के कुछ लोगों ने साजिश रचकर घटना को अंजाम दिया।
शिकायती पत्र के अनुसार, पीड़िता के भाई दीपक सिंह उर्फ निन्टू सिंह का गांव की संध्या सिंह पत्नी स्व.अनीश सिंह और उनकी पुत्री अर्चना सिंह से पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते दीपक सिंह को घर बुलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई, जिसमें जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। कोल्ड ड्रिंक पीते ही दीपक सिंह की तबीयत बिगड़ गई और वह घर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना जान से मारने की नीयत से की गई। तरवां थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *