लाखों की एक्सरे मशीन को बड़े जनरेटर का इंतजार

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बरदह में सरकारी दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक डिजिटल एक्सरे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद बिजली कटौती के दौरान मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि लाखों रुपये की लागत से आई इस मशीन को चलाने के लिए अस्पताल के पास एक बड़ा जनरेटर तक उपलब्ध नहीं है। इसके चलते बिजली कटते ही पूरी एक्सरे व्यवस्था ठप हो जाती है।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, इस सीएचसी में प्रतिदिन मरीज अपनी एक्सरे जांच करवाने के लिए दूर-दराज के गांवों से पहुंचते हैं। इनमें से कई मरीज गंभीर रूप से चोटिल या दुर्घटना का शिकार होते हैं। बिजली कटने की स्थिति में इन मरीजों की जांच बीच में ही रुक जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आने के इंतजार में उन्हें कई-कई घंटे व्हीलचेयर या स्ट्रेचर पर ही तड़पना पड़ता है, जिससे उनका दर्द और बढ़ जाता है।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक सोमेश रंजन मिश्रा ने बताया कि बिजली की उपलब्धता रहने पर एक्सरे मशीन नियमित और सुचारू रूप से कार्य करती है और सभी मरीजों की समय पर जांच की जाती है। हालांकि, उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि बिजली कटने पर मशीन पूरी तरह बंद हो जाती है क्योंकि इसे चलाने के लिए आवश्यक क्षमता वाला बड़ा जनरेटर बैकअप अस्पताल में मौजूद नहीं है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *