फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुराई गांव में मंगलवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज आवाज के साथ दो विशालकाय आम के पेड़ गिर पड़े। पेड़ों के गिरने से जहां मकान क्षतिग्रस्त हुआ, वहीं घर के पास खड़ा एक ऑटो पेड़ की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।
सुराई गांव के ग्राम प्रधान विनोद कुमार के मकान के पिछले हिस्से पर एक विशाल आम का पेड़ गिर पड़ा। घटना के समय ग्राम प्रधान का परिवार मकान के अंदर सो रहा था। जिस स्थान पर पेड़ गिरा, वहां परिवार के लोग मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से मकान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, राकेश कुमार का मकान के पास खड़ा ऑटो आम के पेड़ की चपेट में आ गया। पेड़ का भारी हिस्सा ऑटो पर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी क्रम में क्षेत्र के हुसाम पुर-बड़ागांव मार्ग पर भी एक विशाल पेड़ गिर जाने से आवागमन बाधित हो गया। पेड़ सड़क पर गिरने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को विशेष रूप से दिक्कत हुई तथा कई लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव