नहर में मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव स्थित गोसाई की बाजार नहर के किनारे बुधवार की सुबह करीब 9रू30 बजे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान 30 वर्षीय सूरज कुमार पुत्र राजाराम निवासी रसूलपुर बाज बहादुर के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार सूरज कुमार मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे गोसाई की बाजार नहर पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन रात करीब 11 बजे तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार की सुबह गंभीरपुर पुलिस ने गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोबारा नहर में तलाश शुरू की। सुबह करीब साढ़े 9 बजे नहर में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर गोसाई की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्विनी मिश्रा मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव की पहचान सूरज कुमार पुत्र राजाराम के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूरज कुमार अपने पीछे पत्नी और करीब दो वर्षीय पुत्री पीहू को छोड़ गया है। वह घर पर रहकर मजदूरी करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई सोनू ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है। गंभीरपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *