अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड के ग्राम देहुला की महिलाओं ने गुरुवार को खंड विकास कार्यालय पर पहुंचकर गांव की समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में दर्जन भर से अधिक पात्र महिला परिवार है जिनको आवास न मिलने की वजह से इस बारिश में भी खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ गांव में सफाई कर्मचारी द्वारा पिछले एक माह से साफ सफाई न करने की वजह से पूरे गांव में गंदगी का अंबार है जो बारिश में बदबू फैला रहा है। महिला मेट कार्यकत्री का आरोप है कि पिछले कई माह से ग्राम प्रधान द्वारा वेतन का भुगतान नही किया जा रहा है। गांव में कुछ ऐसे भी परिवार हैं जो आवास ना होने की दशा में शौचालय में रुक कर अपना जीवन यापन कर रही हैं। गुरुवार को खंड विकास अधिकारी को 12 महिलाओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि गांव की महिलाएं आई थी जो 12 प्रार्थना पत्र दिए हैं जिनमें साफ सफाई आवास, पेयजल आदि समस्याएं हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए गांव की सफाई कर्मचारी को गांव की साफ सफाई करने का तुरंत आदेश किया गया है तथा जिन पत्रों को आवास नहीं मिला है उनके लिए सर्वे कराकर उन्हें दिया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद