मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौली में मंगलवार भोर करीब तीन बजे विनय राय उर्फ पकौड़ी पुत्र स्व.किशुन राय का रिहायशी कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के तीन सदस्य मकान के अंदर चारपाई पर सो रहे थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान गिरने से एक बाइक, करीब 22 कुर्सियां, पंखा समेत घर-गृहस्थी का अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक मकान ढहने से पीड़ित परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। कच्चे मकान में रहने के बावजूद अभी तक उन्हें सरकार की आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आवास के लिए कई बार प्रस्ताव तैयार कराकर संबंधित अधिकारियों को दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस, ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल तथा लेखपाल चंद्रशेखर गिरी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। लेखपाल ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार शासन स्तर से मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
बताया गया कि मंगलवार को ही पीड़ित परिवार की दिवंगत मां की तेरहवीं का भंडारा भी होना था। इसी बीच भोर में मकान गिरने की घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मौके का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पात्रता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिलाकर परिवार को जल्द सुरक्षित आशियाना उपलब्ध कराने की अपील की है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी