पीड़ित महिला ने एसडीएम से लगायी गुहार

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना अंतर्गत मदियापार गांव निवासी मनीषा विश्वकर्मा पत्नी अशोक विश्वकर्मा ने एसडीएम अभयराज पांडेय को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता का आरोप है कि उनके ससुर राधेश्याम ने परिवार की अधिकांश पैतृक भूमि पहले ही बेच दी है। अब जिस मकान में वह अपने परिवार के साथ रहती हैं, उसे भी बेचने की तैयारी की जा रही है। मनीषा का कहना है कि उनके पति दिव्यांग हैं और यदि मकान भी बिक गया तो उनके परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
महिला ने आरोप लगाया कि इस मामले में वह पहले भी कई बार संबंधित थाने में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर मकान की बिक्री रुकवाने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
मनीषा विश्वकर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई और परिवार को बेघर होने की नौबत आई, तो वह अपने पति और बच्ची के साथ आत्महत्या करने का कदम उठाने को मजबूर हो सकती हैं जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।
इस संबंध में एसडीएम श्री पांडेय ने बताया कि उन्हें शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया यह मामला रजिस्ट्री विभाग से संबंधित प्रतीत होता है, जिसमें तहसील प्रशासन की कार्रवाई सीमित है। फिर भी पीड़िता के ससुर को बुलाकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विवाद का समाधान हो सके और पीड़िता को न्याय मिल सके।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *