आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित दस दिनी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के अधीन सर्वाेदय पब्लिक स्कूल के सभागार में वाराणसी के सेना भर्ती कार्यालय से आये सूबेदार मेजर हरपाल सिंह ने शनिवार को शिविर में प्रतिभाग कर रहे कैडेटों को भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती योजना की व्यापक जानकारी दी।
सूबेदार मेज़र ने विस्तार से सेना में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवश्यक पहलुओं की तकनीकी और ज्ञानवर्धक जानकारी कैडेटों को प्रदान की और उनकी शंकाओं का भी समाधान किया।
सूबेदार मेजर, एआरओ, वाराणसी, सेना भर्ती केंद्र ने कहा कि, भारतीय सेना विश्व की बड़ी और ताकतवर सेनाओं में शामिल है जिसका हिस्सा बनना देश के युवाओं के लिए एक गौरवशाली अनुभव होगा। सरकार ने समय-समय पर अग्निवीर योजना में आवश्यक और आकर्षक परिवर्तन किए हैं जिससे देश के युवा लाभान्वित होकर न केवल एक गौरवशाली सेना का हिस्सा बन सकते हैं बल्कि देश की सुरक्षा के सजग प्रहरी बनकर अपने कर्तव्यों का उच्च रूप में निर्वहन कर सकते हैं।
वाराणसी से आये हवलदार सुरजीत दत्ता भी कैडेटों से रूबरू होते हुए, उनमें सेना में भर्ती के प्रति जोश भरा और सेना में कैरियर के आकर्षक पहलुओं से परिचित कराया। संचालन एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ.पंकज सिंह ने किया। सेकेण्ड अफसर डीके मिश्रा ने सभी का आभार ज्ञापित किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार