आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना अंतर्गत आजमपुर गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ पर शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत, हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम के आयोजक ग्राम प्रधान राजीव कुमार सिंह व समस्त क्षेत्र वासियों के नेतृत्व में निकली कलश यात्रा यज्ञ मंडप से प्रारंभ होकर डीह स्थान, प्राथमिक विद्यालय शिव मंदिर, पोखरा, राधा-कृष्ण शिव मंदिर श्रीनगर सियरहां, आजमपुर बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। आगे हाथी और घोड़े चल रहे थे, जबकि पीछे श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह भक्ति गीतों पर झूमता हुआ आगे बढ़ रहा था। गांव के लोगों ने जगह-जगह कलश यात्रियों का स्वागत कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आयोजकों ने बताया कि 31 मई से प्रारंभ होकर 7 जून तक चलने वाले इस श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन सायं 6 बजे से कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा व्यास पूज्य श्री गणेश जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का अमृतवर्षा करेंगे। श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के कल्याणकारी संदेशों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
वहीं यज्ञाचार्य पंडित शिवाश्रय जी महाराज एवं पंडित रघुनंदन जी पांडेय के सानिध्य में शिष्यों के साथ वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया गया है। समापन 7 जून को पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ होगा।
रिपोर्ट-बबलू राय