देवारा क्षेत्र के विकास की लड़ाई मेरी अपनी दिनेश यादव

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा अंतर्गत देवरांचल क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर देवारा विकास सेवा समिति की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन को अब युवा समाजसेवी दिनेश यादव का भी समर्थन मिला है। उन्होंने समिति की मांगों को क्षेत्र की जरूरत बताते हुए कहा कि देवरांचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और तहसील जैसी बुनियादी सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। इन मांगों को लेकर चल रही लड़ाई को उन्होंने अपनी लड़ाई बताते हुए आंदोलन के साथ खड़े रहने की बात कही।
दिनेश यादव ने कहा कि देवरांचल क्षेत्र लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से अपेक्षित रूप से जुड़ नहीं पाया है। क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को समय और आर्थिक परेशानी दोनों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आवश्यक संस्थानों और सुविधाओं की स्थापना क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की पहली सीढ़ी है। देवरांचल में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध होने से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को समय पर इलाज मिल सकेगा और गंभीर परिस्थितियों में होने वाली परेशानियों को कम किया जा सकेगा। तहसील की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। यदि क्षेत्र में तहसील की स्थापना होती है तो इससे न केवल ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच भी आम लोगों तक आसान होगी।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *