टेलीकॉम विभाग ने खोदकर छोड़े गड्ढे, आए दिन हो रहे हादसे

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पटवध सरैया बाजार से पटवध कौतुक प्राइमरी स्कूल के पास जाने वाले मोड़ पर टेलीकॉम विभाग द्वारा सड़क की खुदाई कर गहरे गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। यही नहीं, मार्ग पर दो-तीन अन्य स्थानों पर भी खुदाई के बाद गड्ढों को बिना ढके छोड़ दिया गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बने इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त अधिकारी बाइक से मोड़ पार कर रहे थे, तभी उनकी बाइक गड्ढे में फंस गई और वह उसमें गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन गड्ढों को नहीं ढका गया और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क पर खोदे गए सभी गड्ढों को तत्काल बंद कराया जाए तथा जब तक कार्य पूरा नहीं होता, तब तक वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *