नन्ही बालिकाओं के गरबा ने मोहा मन

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्रामीण क्षेत्र अतरौलिया में नन्ही बच्चियों ने डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। कस्बा स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित इस डांडिया उत्सव में पारंपरिक परिधानों में सजी बच्चियों ने रंग-बिरंगी डांडिया खनकाकर खूब धूम मचाई।
कार्यक्रम में शामिल वैष्णवी जायसवाल ने बताया कि वे सभी सहेलियां पिछले एक सप्ताह से गरबा की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने बिना किसी पेशेवर शिक्षक के यूट्यूब की मदद से खुद ही गरबा और डांडिया के स्टेप्स सीखे। वहीं कक्षा पांच की छात्रा पूर्वी जायसवाल ने बताया कि लगभग दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में उन्होंने ‘ढोलीड़ा’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया।
मैरिज हॉल के संचालक व स्थानीय निवासी अजय कुमार जायसवाल ने बताया कि शुरुआत में घर की तीन-चार बच्चियों ने गरबा खेलने की इच्छा जताई थी। इसके बाद उन्होंने बच्चियों के उत्साह को देखते हुए अपने मैरिज हॉल में इस कार्यक्रम की व्यवस्था कराई। देखते ही देखते सहेलियों के जुड़ने से लगभग 50 से 60 बच्चियां एकत्र हो गईं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में छोटे बच्चों द्वारा अपनी प्रतिभा और लगन से इस तरह का आयोजन करना बेहद सराहनीय है। कार्यक्रम के दौरान आधुनिक साउंड और डांडिया की खनक के बीच नन्ही बालिकाओं की प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *