फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के दीदारगंज क्षेत्र में बीते मंगलवार की देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई है। दीदारगंज क्षेत्र के मोलनापुर (मदारबक्स) गांव में एक घर के सामने एक साथ चार पेड़ गिरने से दो पशुशाला, हैंडपंप, पक्का मकान क्षतिग्रस्त हो गये। एक पशुशाला में बंधी भैंस व उसका बछड़ा घायल हो गया तथा पक्के मकान में बैठे छोटे छोटे बच्चे व परिवार के लोग बाल बाल बच गए। इस घटना से हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
मोलनापुर (मदारबक्स) गांव में तेज हवाओं और बारिश के कारण निर्मला यादव पत्नी स्वर्गीय कन्हैयालाल के घर के सामने एक साथ नीम, जामुन, चिलबिल व लिप्टस चार पेड़ गिरने से घर के बगल स्थित दो पशुशाला, हैंडपंप, व पक्का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। पशुशाला में बंधी एक भैंस व उसका बच्चा घायल हो गए। किसी तरीके से पेड़ की डाली को काटकर, काफी मशक्कत के बाद भैंस और उसके बछड़ा को बाहर निकला गया। बिजली का तार टूट कर घर पर गिर पड़ा, गनीमत थी कि उस समय लाइट नहीं थी। पेड़ गिरने से पक्के मकान के बरजे और छत दीवार में दरारें पड़ गईं, जिससे मकान को काफी क्षति पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा से उन्हें भारी क्षति हुई है। क्षेत्रीय लेखपाल को घटना की सूचना देकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। वहीं पीड़िता निर्मला यादव ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय