एसआईआर मतदाता सूची के घर-घर सत्यापन में जुटेगी कांग्रेस

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला कांग्रेस कमेटी आजमगढ़ की मासिक बैठक श्री लालसा राय इंटरमीडिएट कॉलेज, सठियांव के प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती तथा बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रत्येक ब्लॉक अध्यक्ष को उनके क्षेत्र की एसआईआर मतदाता सूची बूथवार उपलब्ध कराई गई। निर्णय लिया गया कि सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं संबंधित कार्यकर्ता घर-घर जाकर एसआईआर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति पाए जाने पर उसे तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा। इसके अतिरिक्त बूथ समितियों के गठन एवं पुनर्गठन की भी समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान तेज़ी से चल रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों एवं जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता को एसआईआर सत्यापन अभियान में पूरी गंभीरता के साथ जुटना होगा ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी मतदाता का अधिकार प्रभावित न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पार्टी आगामी चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
रिपोर्ट-राहुल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *