आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। श्री बरनवाल महिला समिति की ओर से महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रैदोपुर स्थित एक होटल में छठवां भव्य डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी मां के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। इस दौरान कई ग्रुप और सिंगल प्रस्तुतियां भी हुईं तथा मनमोहक भजन भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पूनम बरनवाल ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज की महिलाओं और सखी-सहेलियों को एक मंच पर जोड़ना, उनके बीच मेल-मिलाप बढ़ाना और समाज से बुराइयों को दूर करना है। उन्होंने मां रानी के आदर्शों का स्मरण करते हुए कहा कि जिस प्रकार माता रानी ने असुरों का संहार कर धर्म और सत्य की स्थापना की थी, उसी प्रेरणा से हमें भी अपने भीतर की बुराइयों का नाश कर प्रेम और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में आसपास की सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक रूप से एक साथ मिलकर डांडिया नृत्य का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान कई सारे ग्रुप गेम्स और गरबा-डांडिया का आयोजन हुआ। इस दौरान सुमन बरनवाल, सारिका बरनवाल, प्रियवन्दिता, प्रतिमा, पूनम बरनवाल, अंजू बरनवाल, सुनीति बरनवाल, रागिनी बरनवाल, नीलम बरनवाल, प्रिया बरनवाल, स्वाति बरनवाल, डॉ० नेहा आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार