आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़ के तत्वावधान में बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तथा पूर्व सांसद रघु शर्मा ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विषय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। कार्यक्रम में मिर्जापुर के पूर्व विधायक भगवती चौधरी तथा आजमगढ़ के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक घनश्याम सहाय भी उपस्थित रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था अनिवार्य है। निर्वाचन आयोग में नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया में किए गए बदलावों और निर्वाचन आयुक्तों को कानूनी संरक्षण प्रदान करने वाले कानून में संशोधन को लेकर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रही है। इसी क्रम में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में बड़ी संख्या में शामिल होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेसजनों से रैली की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और आम जनता तक इस अभियान का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, चंद्रपाल सिंह यादव, रामगणेश प्रजापति, दिनेश यादव, अजीत राय, मुन्नू यादव, भजूराम यादव, प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार