कैफी आजमी के कार्यों पर आधारित फिल्म की हुई शूटिंग

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रगतिशील शायर कैफी आजमी के पैतृक गांव मेजवां में उनके जीवनकाल में किए गए सामाजिक कार्यों और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों पर आधारित फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म अभिनेत्री एवं निर्देशक शबाना आजमी की देखरेख में हो रही शूटिंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव पहुंच रहे हैं।
शूटिंग के दौरान मेजवां स्थित फतेह मंजिल, कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर और कैफी आजमी के पैतृक आवास को कैमरे में कैद किया गया। बताया गया कि शूटिंग के अंश आगामी दिनों मुंबई में आयोजित होने वाले एक फैशन शो में प्रदर्शित किए जाएंगे।
फतेह मंजिल में इस दौरान कजरी महोत्सव का भी आयोजन हुआ। महिलाओं ने कजरी गीत प्रस्तुत किए। वहीं कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर में काम करने वाली महिलाओं की आत्मनिर्भरता और उनके जीवन में आए बदलाव को लेकर शबाना आजमी की देखरेख में इंटरव्यू भी शूट किए गए।
मिजवां वेलफेयर सोसाइटी के उप प्रबंधक मनोज प्रजापति ने बताया कि शूटिंग में कैफी आजमी द्वारा मेजवां में किए गए विकास कार्यों के साथ ही सिलाई और चिकनकारी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल को प्रमुखता से शामिल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कैफी आजमी के सामाजिक सरोकारों और मेजवां के बदलाव को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *