संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। एसडीएम निजामाबाद चन्द्रप्रकाश सिंह ने शुक्रवार को तहसील कर्मचारियों व पुलिस बल के साथ खानपुर तथा दरिखा गांव में पहुंचकर सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटवा दिया। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह, इंस्पेक्टर सरायमीर भुवनेश कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे।
एसडीएम श्री सिंह ने बताया कि खानपुर में बंजर खाते की जमीन को कुछ दबंगों द्वारा जबरन कब्जा किया गया है। क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा बार-बार मना करने के बाद भी लोगों द्वारा पक्का निर्माण करा लिया गया है। सरकारी जमीन पर जितने भी अस्थायी रूप से कब्जे किए गए हैं, सबको हटवाया गया जो पक्का निर्माण किया गया है उसके लिए धारा 66 की कार्रवाई करके हटवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि खानपुर में हरिश्चंद्र यादव, मोती यादव, राजेश यादव द्वारा जमीन कब्जा किया गया है।
उन्होंने बताया कि दरिखा गांव की जमीन जो संजरपुर बाज़ार में स्थित है उसकी कीमत करोड़ों में आंकी जाती है जिसको मोहम्मद राशिद द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। जिसको शुक्रवार को खाली कराया गया। यदि दोबारा किसी व्यक्ति द्वारा जमीन कब्जा करने की कोशिश की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी जितने लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, सभी लोगों को चिन्हित किया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरणपाल सिंह ने बताया कि तहसील कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद सभी के ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय लेखपाल पवन गौड़, राजस्व निरीक्षक दिवाकर उपाध्याय, परमात्मा चौरसिया आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट- राहुल यादव