लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजस्व मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर तहसील लालगंज की उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा लगातार जमीनी स्तर पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं। उनकी इस कार्यशैली की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
इसी क्रम में सोमवार को एसडीएम नेहा मिश्रा रसूलपुर बाजबहादुर गांव में धारा 116 से संबंधित मामले के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचीं और स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित दोनों पक्षों के लोग, राजस्व कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
एसडीएम ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ली और संबंधित तथ्यों को समझा। उन्होंने राजस्व अभिलेखों एवं मौके की स्थिति के आधार पर मामले के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा संबंधित राजस्व कर्मियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नियमानुसार एवं निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बात सुने जाने से मामले की वास्तविक स्थिति को समझने में प्रशासन को मदद मिली। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि राजस्व मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता का पूरा ध्यान रखा जाए तथा अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित न रखा जाए। इस दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में अनावश्यक विवाद से बचें और कानून एवं राजस्व नियमों के तहत समाधान का रास्ता अपनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण केवल कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। उन्होंने लोगों से अपनी शिकायतों एवं समस्याओं को उचित माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद