मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर के कटरा मोहल्ले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय छात्रा की ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुरा रानी मोहल्ला निवासी गुलरेज अजीजी की पुत्री तहजीब अपने चचेरे भाई रेयाज पुत्र हुमायूं कबीर के साथ सुबह करीब साढ़े सात बजे बाइक से सेंट्रल पब्लिक स्कूल जा रही थी। जैसे ही दोनों कटरा मोहल्ले के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से रेयाज छिटककर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब सीधे ट्रेलर के भारी पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही सांसें टूट गईं।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल रेयाज को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, मृतका तहजीब के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतका दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता गुलरेज अजीजी विदेश में रहकर परिवार का जीविकोपार्जन करते हैं। बेटी की असमय मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव