स्कूली बच्चों ने थाने में सौंपा पौधा और जन्माष्टमी कार्ड

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन का संदेश देने के उद्देश्य से सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल के विद्यार्थियों ने एक अनूठी पहल की। गुरुवार को छात्रों का एक दल कंधरापुर थाने पहुंचा, जहां उन्होंने थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य को पौधा भेंट कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही बच्चों ने आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में अपने हाथों से बनाए आकर्षक बधाई कार्ड भी पुलिस टीम को सौंपे।

थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बच्चों के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्य बच्चों में प्रकृति प्रेम और अपनी समृद्ध परंपराओं के प्रति जुड़ाव पैदा करते हैं। बचपन में मिले यही संस्कार आगे चलकर उन्हें देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के इस कदम को प्रेरणादायी बताया। विद्यालय के एडमिन विनय यादव ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को समाज, संस्कृति और प्रकृति से जोड़ना भी है। यह आयोजन इसी सोच का एक हिस्सा था। कार्यक्रम के दौरान एडमिन विनय यादव, शिक्षिका आकांक्षा राय, खुशबू मिश्रा और शिक्षक अखिलेश जी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति सहयोग के लिए आभार प्रकट किया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *