2027 में 350 सीटें जीतकर भाजपा बनाएगी सरकार-रमाकांत मिश्र

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 350 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत होगी। सपा का आजमगढ़ में न कभी स्थायी दबदबा रहा है और न ही आगामी चुनाव में रहेगा।
पत्रकारों से बातचीत में रमाकांत मिश्र ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लिए पीडीए का वास्तविक अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। उनके अनुसार, सैफई से लेकर आजमगढ़ तक सपा में परिवारवाद को ही बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यादव समाज की आबादी करीब आठ प्रतिशत है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व की बात आने पर एक ही परिवार के लोगों को प्राथमिकता मिलती रही है। उनका दावा था कि आने वाले चुनाव में सपा प्रदेश में इकाई और दहाई के आंकड़े तक सिमट जाएगी।
भाजपा नेता ने योगी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने 22 घंटे बिजली आपूर्ति, निःशुल्क राशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हित में लिए गए निर्णय से करीब चार लाख युवाओं और उनके परिवारों को लाभ और सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि 100 बेड का राजा जयपाल सिंह अस्पताल भाजपा सरकार की देन है। इसके लिए किसानों और युवाओं के साथ मिलकर उन्होंने न्याय मार्च भी निकाला था। उन्होने दावा किया कि जनता सपा के इस कथित दोहरे चरित्र को समझ चुकी है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *