लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर में शरद पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले की तैयारियां पूजा समितियों द्वारा जोर-शोर से की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अक्टूबर को मेला, 26 अक्टूबर को भरत मिलाप, 27 अक्टूबर को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और 28 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए नगर में जगह-जगह भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं, जहां मां दुर्गा की प्रतिमाएं विधि-विधान से स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही पूरे नगर को आकर्षक झालरों से सजाने की तैयारी चल रही है। राष्ट्रीय युवा परिषद, पुष्पांजलि क्लब, सहारा क्लब, एकता युवा परिषद, शिव शक्ति दल, न्यू शिवा परिषद, जय बजरंग दल, युवा मित्र मंडल दुर्गा पूजा समिति, न्यू बाल ज्ञान परिषद, जय मां अम्बे कला केंद्र, महाशक्तिदल और नव ज्योति दुर्गा पूजा समिति सहित अन्य पूजा समितियां तैयारियों में जुटी हुई हैं।
मेले को लेकर नगर पंचायत द्वारा मेला क्षेत्र में साफ-सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने नगर की मुख्य सड़कों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जगह-जगह बांस-बल्ली लगाई जा रही है। दूसरी ओर लगातार चार दिनों तक डीजे की तेज आवाज के बीच रहने की आशंका को देखते हुए नगर के लोग अभी से इससे बचाव के उपाय करने लगे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन द्वारा डीजे की आवाज कम रखने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों का किस हद तक पालन करती हैं और मेले के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर कितना नियंत्रण रह पाता है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद