फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। त्रिस्तरीय पंचायतों के वर्तमान कार्यकाल की समाप्ति नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र के प्रधानों ने चुनाव में संभावित देरी को लेकर चिंता जताई है। प्रधान संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि अब तक की तैयारियों से यह प्रतीत होता है कि पंचायत चुनाव समय से सम्पन्न नहीं हो पाएंगे। ऐसे में सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जाने की संभावना है, जो जनहित में उचित नहीं है।
प्रधानों का कहना है कि यदि निर्वाचित प्रतिनिधियों के स्थान पर प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं तो इससे स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल चुनाव सम्पन्न होने तक बढ़ाया जाना चाहिए।
प्रधान संघ अध्यक्ष अमित यादव सहित कई ग्राम प्रधानों ने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से अनुरोध किया है कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल चुनाव तक जारी रह सके।
इस मौके पर राम अवध, सुमन, शिवकुमारी, विरेन्द्र यादव, केदार, विनीता, सुशीला, आसोमती, फूलपत्ती, मो. अंजर, बृजभान, चंद्रभान, अमर सिंह चौहान, राम अवतार, राहुल, राम सहाय चौहान, अरविंद राजभर आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय