सुखीपुर मार्ग पर जानलेवा बना सड़क में गड्ढा

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार की ओर से सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अतरौलिया से सुखीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क के बीचों-बीच बना गहरा गड्ढा महीनों से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक मरम्मत नहीं कराए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों को आशंका है कि समय रहते गड्ढे को ठीक नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर बना यह गड्ढा लंबे समय से जस का तस है। दिन में किसी तरह वाहन चालक इसे देखकर बच निकलते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में या अचानक सामने आने पर दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा है।
मौके पर लगे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बोर्ड के मुताबिक, सड़क के नवीनीकरण पर 35.96 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बावजूद सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा बने रहना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े करता है। हालांकि, निर्माण कार्य में किसी तरह की अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय निवासी नागेंद्र सागर और राकेश तिवारी ने संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्था से गड्ढे का जल्द निरीक्षण कराकर उसकी मरम्मत कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *