अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की धर पकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अतरौलिया पुलिस ने गोवध अधिनियम में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
बीते 16 अक्टूबर को प्रभारी निरीक्षक नदीम अहमद फरीदी व उप निरीक्षक उमेश चन्द्र यादव मय हमराह को सूचना मिली की सिकन्दरपुर-नरियांव मार्ग पर ग्राम देवरापट्टी के पास एक ट्रक फंसी है जिस पर जानवर लदे हैं। चेक किया गया तो ट्रक में व आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। ट्रक में कुल 14 गोवंश मौजूद थे। जिसमें थाना स्थानीय पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना में अभियुक्त रिन्कू यादव पुत्र रामचन्द्र यादव निवासी बेलवारपार थाना गम्भीरपुर का नाम प्रकाश में आया। गुरूवार को पुलिस ने अभियुक्त रिन्कू यादव को बूढ़नपुर चौराहे से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद