आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जहानागंज क्षेत्र के रामपुर स्थित श्री चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट परिसर में शुक्रवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं “युवा तुर्क” के रूप में विख्यात चंद्रशेखर सिंह की 99वीं जयंती प्रेरणा दिवस के रूप में मनाई गई। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मधुबन घोसी विधायक रामविलास चौहान द्वारा ट्रस्ट परिसर में स्थापित चंद्रशेखर जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं ने “जब तक सूरज चांद रहेगा, चंद्रशेखर जी का नाम रहेगा” और “चंद्रशेखर जी अमर रहें” जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इसके पश्चात एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रमुख रमेश कनौजिया, उदय शंकर चौरसिया, सठियांव प्रमुख अरविंद सिंह, रानीपुर के पूर्व प्रमुख अरुण सिंह, एसकेडी प्रबंधक विजय बहादुर सिंह जिला पंचायत सदस्य स्वतंत्र सिंह मुन्ना, अशोक पांडेय सहित अन्य लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि चंद्रशेखर जी का संपूर्ण जीवन संघर्षों से भरा रहा और उनका व्यक्तित्व आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कभी भी अन्याय के सामने झुककर समझौता नहीं किया, बल्कि हमेशा चट्टान की तरह डटे रहे।
एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु ने कहा कि आज के दौर में जहां लोग पद और स्वार्थ के लिए सिद्धांतों से समझौता कर लेते हैं, वहीं चंद्रशेखर जी ने अपने पूरे जीवन में सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने चंद्रशेखर जी के आदर्शों पर चलने एवं उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट प्रबंधक बृजेश कांदू, विजय बहादुर सिंह, अध्यक्ष अनिल सिंह मंत्री शिव प्रकाश चौबे आनंद गुप्ता, लालबहादुर सिंह लालू, चंचल चौबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, टिंकू जायसवाल, संतोष सिंह, झब्लू सिंह, मिट्ठू सिंह, दिलीप मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, अजय सिंह, रामबृक्ष यादव, रणधीर सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्षा प्रियंबदा सिंह तथा संचालन शिक्षक नेता कमलेश राय ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार