बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कैलाशी महिला विकास समिति के तत्वावधान में सोमवार को बौद्धिक दिव्यांग आवासीय विद्यालय, ध्यानीपुर (लोहरा) में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा के अधीक्षक डा. देवानन्द यादव उपस्थित रहे।
डा. देवानन्द यादव ने विद्यालय में रह रहे सभी बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया तथा आवश्यकता अनुसार दवाइयों का वितरण किया। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी। साथ ही विद्यालय के स्टाफ को निर्देशित किया कि बच्चों की बाहरी गतिविधियां सुबह 9 बजे से पहले तथा शाम 6 बजे के बाद ही कराई जाएं, ताकि तेज धूप और गर्मी से बच्चों को बचाया जा सके।
स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत डा. यादव ने बच्चों के बीच आम, केला और सेब का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ में काफी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर सुनीता देवी, योगेंद्र, सुमित, दिवाकर, निलेश, प्रियंका, विजयमणि, रोशनी, विनीता, रेनू, अंशिका, नीलम, लीलावती, प्रवीण कुमार, वंदना, धर्मेंद्र आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *