पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिधारी थाना क्षेत्र के पठान टोली निवासी एक युवक का शव रविवार शाम वाराणसी रोड स्थित नरौली के पास सड़क किनारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। बाद में मृतक की बहन ने थाना सिधारी पहुंचकर पोस्टमार्टम न कराने तथा किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया।
मृतक की पहचान मल्लु खान 30 वर्ष पुत्र स्व.रूस्तम खान निवासी पठान टोली, थाना सिधारी के रूप में हुई। मृतक की बहन रेशमा खातून ने थाना सिधारी में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई लंबे समय से अत्यधिक शराब का सेवन करता था, जिसके कारण उसकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी। चिकित्सकों द्वारा भी उसे शराब न पीने की सलाह दी गई थी। रेशमा खातून ने पुलिस को दिए गए लिखित बयान में कहा कि उनके भाई की मौत किसी संदिग्ध परिस्थिति में नहीं हुई है और वह न तो पोस्टमार्टम कराना चाहती हैं और न ही किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करना चाहती हैं। उन्होंने शव का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया। पुलिस ने तस्करा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के लिखित अनुरोध को भी अभिलेखों में शामिल किया गया है।
रिपोर्ट-बबलू राय