शिक्षक दिवस पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में हुआ भव्य आयोजन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। भारत में हर वर्ष 5 सितंबर को मनाया जाने वाला शिक्षक दिवस पूरी तरह से देश के दूसरे राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, आदर्शों और उनके जन्मदिन को समर्पित है। इस पावन अवसर पर विद्यालय में हर्षाेल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा द्वारा डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र और माँ सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में सभी को तिलक लगाकर और पुष्प से उनका स्वागत किया ततपश्चात सरस्वती वंदना (मां सरस्वती शारदे, मां सरस्वती शारदे) तथा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता, नाटक, गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक ही उनके जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कार सीखने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *