जिला स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में माया प्रसाद मेमोरियल के 11 बच्चों ने जीता पदक

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। माया प्रसाद मेमोरियल पब्लिक स्कूल बढ़या के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 14 बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 11 विद्यार्थियों ने पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में आदित्य कुमार, पूर्वांश, खुशी, कीर्तिमान और क्रिस्टल शामिल रहे। वहीं आर्यन, मनस्विन, शिफा और रौनक ने रजत पदक तथा मधु और पुरुषोत्तम ने कांस्य पदक हासिल किया।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि ग्रामीण अंचल के विद्यालय के बच्चों ने जनपद में छठा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का मंच मिल रहा है। निश्चित रूप से ये बच्चे आगे चलकर प्रदेश और देश में विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय के शिक्षक लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य श्याम मिश्रा, सहायक शिक्षिका अंगीता राय, सहायक शिक्षक प्रवेश शिलाल, केजी समन्वयक इंदु यादव, खेल शिक्षक प्रियम मिश्रा और आकांक्षा पांडेय मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *