जन उत्थान केंद्र से निःशुल्क पढ़ाई का आगाज

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के सुखीपुर गांव में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रविवार को जन उत्थान शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह केंद्र जन उत्थान कल्याण ट्रस्ट द्वारा संचालित है, जिसका उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं बच्चों की प्रार्थना के साथ हुई। ग्रामीणों और अभिभावकों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र में नर्सरी से कक्षा 5 तक की शिक्षा की व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए भी निःशुल्क शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र नाथ गुप्ता ने कहा कि समाज के सहयोग से इस पहल को और विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाई जा सके।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *