अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान द्वारा संचालित मैत्री परियोजना के अंतर्गत “ज्ञान का पिटारा” कार्यक्रम बालिका शिक्षा जागरूकता अभियान रथ का शुभारंभ बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जनपद के 15 विकासखंडों में भ्रमण कर बालिका शिक्षा के महत्व, विद्यालय में नामांकन, नियमित उपस्थिति एवं बालिकाओं के विद्यालय में ठहराव को लेकर समुदाय और अभिभावकों को जागरूक करेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान के संस्था प्रमुख राजदेव चतुर्वेदी, जिला टीम, ब्लॉक टीम एवं फील्ड को-ऑर्डिनेटर्स सहित टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान बालिका शिक्षा के क्षेत्र में “पहचान से नामांकन और नामांकन से ठहराव” की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था की टीम द्वारा सबसे पहले घर-घर संपर्क के माध्यम से स्कूल से वंचित एवं ड्रॉपआउट बालिकाओं की पहचान की जाती है। इसके बाद अभिभावकों एवं समुदाय से संवाद कर बालिकाओं का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराया जाता है और लगातार फॉलोअप के माध्यम से उनकी नियमित उपस्थिति एवं विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है। जागरूकता रथ के माध्यम से बालिका शिक्षा को लेकर समुदाय में यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि हर बालिका को शिक्षा का अधिकार मिले और कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे। इसके साथ ही अभिभावकों को बालिकाओं की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह अभियान न केवल बालिकाओं को विद्यालय तक पहुंचाने की पहल है, बल्कि बालिकाओं के बेहतर भविष्य और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सामूहिक प्रयास है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद