अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे में 25, 26 और 27 तारीख को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले को सकुशल व सुरक्षित संपन्न कराने के लिए बिजली विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मेले के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना या विद्युत दुर्घटना न हो, इसके मद्देनजर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) मनोज कुमार गुप्ता ने मेला क्षेत्र का औचक व सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जेई मनोज कुमार गुप्ता ने पूरे मेला परिसर, प्रमुख मार्गों, विद्युत पोलों और विभिन्न पंडालों की गहन जांच की। उन्होंने बारीकी से देखा कि किसी भी खंभे या पंडाल के पास कोई बिजली का तार खुला या नंगा तो नहीं है। साथ ही जहां भी विद्युत संयोजन (कनेक्शन) लिए गए हैं, वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की।
जांच के उपरांत जेई ने मौके पर मौजूद विद्युत कर्मियों (लाइनमैनों) को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में जितने भी ढीले, नीचे लटके और जर्जर तार हैं, उन्हें तत्काल खिंचवाकर दुरुस्त (टाइट) किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेले में भारी भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत कर्मियों को मेले के तीनों दिन 24 घंटे मुस्तैद रहने और निर्बाध व सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद