मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ऐतिहासिक नगरी मेंहनगर को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग को लेकर रेलवे संघर्ष समिति ने सोमवार को प्रदर्शन किया। समिति के संयोजक, किसान नेता व निवर्तमान भाजपा जिलामंत्री महेन्द्र मौर्य के नेतृत्व में सुबह कस्बे के निरंजन कुटी स्थित खाकी बाबा स्थान पर बैनर तले हस्ताक्षर अभियान शुरू हुआ। अभियान में कस्बे और आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे लोगों ने मेहनगर को जंक्शन का दर्जा देने के समर्थन में हस्ताक्षर किया।
हस्ताक्षर अभियान के साथ-साथ रेलवे संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने आम जनता के बीच पत्रक वितरित कर मांगों की जानकारी दी। पत्रक में बताया गया कि वाराणसी-आजमगढ़-गोरखपुर रेल लाइन का सर्वे पूरा हो चुका है और 3546.46 करोड़ का बजट प्रस्तावित है। इस आंदोलन को अधिवक्ताओं ने भी खुलकर समर्थन दिया। बार संघ के अध्यक्ष रामजन्म सिंह व वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र सरोज ने कहा कि मेहनगर मुगल काल से ऐतिहासिक नगर है, यहां जंक्शन बनना समय की मांग है। हस्ताक्षर अभियान के बाद जुलूस में शामिल लोगो के हाथों में मांग पत्र और बैनर तले नारा लगाते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। रेलवे संघर्ष समिति के संयोजक महेन्द्र मौर्य आदि ने एसडीएम भूपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम ने आश्वासन दिया कि मांग पत्र केंद्रीय रेलमंत्री भारत सरकार नई दिल्ली प्रेषित कर दिया जाएगा।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व पूर्व अध्यक्ष रामबदन कन्नौजिया, कमलेश मधुकर, डॉ. भरत गौतम, अशोक चौहान, डॉ.विमल सेठ, सुनील सिंह, नन्दिनी सिंह, मनोनीत सभासद सुधीर राय, त्रिलोकी सिंह, नवरंग ताम्रकार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी