लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान तनु सिंह 27 वर्ष पत्नी अनिकेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह नींद से उठने पर घर के लोगों ने तनु का शव फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। बताया गया कि तनु सिंह मूल रूप से पियरिया जनपद बलिया की रहने वाली थीं। जून 2023 में उनका विवाह तियरा गांव निवासी अनिकेश सिंह के साथ हुआ था। पति परदेश में रहकर काम करते हैं। तनु घर पर अपने बुजुर्ग सास-ससुर और करीब ढाई साल के बच्चे के साथ रहती थीं।
पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद