पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने शनिवार को संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक शिक्षक को समय रहते चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
डॉ. वर्मा आज लालगंज तहसील दिवस से लौट रहे थे। इसी दौरान रानी की सराय-आजमगढ़ मार्ग पर टोल प्लाजा के समीप एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। तेज धूप के बीच राहगीर गुजर रहे थे, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. वर्मा ने तत्काल वाहन रुकवाया और अपने अर्दली व स्टाफ की सहायता से घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस को कॉल कर मौके पर बुलाया और घायल को जिला चिकित्सालय भेजवाया, जहाँ उसका उपचार शुरू कर दिया गया।
घायल की पहचान ओमप्रकाश यादव (62 वर्ष) निवासी अंबेडकर नगर के रूप में हुई मरीज के शरीर में कई स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद डॉ. वर्मा स्वयं मंडलीय जिला चिकित्सालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने घायल का हालचाल लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से मरीज को लगी चोटों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
रिपोर्ट-बबलू राय