फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया) सरकार की ओर से निराश्रित गोवंश को आश्रय देने और उन्हें सड़कों पर विचरण से रोकने के निर्देशों के बावजूद फूलपुर क्षेत्र में जिम्मेदारों की उदासीनता सामने आ रही है। ब्लॉक मुख्यालय के सामने लखनऊ-बलिया मुख्य मार्ग पर निराश्रित पशु बीच सड़क पर आराम फरमाते नजर आ रहे हैं। इससे जहां यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब चार निराश्रित पशु पिछले कई महीनों से गांवों से लेकर नगर क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं। कभी ये पशु नगर पंचायत क्षेत्र में नजर आते हैं तो कभी उदपुर, सुदनीपुर और इटकोहिया तक पहुंच जाते हैं। दिन के साथ ही रात में भी लखनऊ-बलिया मार्ग पर इनका जमावड़ा बना रहता है।
शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय फूलपुर के सामने मुख्य मार्ग के बीचोंबीच निराश्रित पशुओं के बैठने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक पशुओं के आ जाने से हादसे का खतरा बना रहता है।
गौरतलब है कि जनवरी 2026 में जिलाधिकारी ने फूलपुर तहसील क्षेत्र की गोशालाओं का निरीक्षण कर गोवंशों के उचित रखरखाव और पर्याप्त चारा-दाना की व्यवस्था के निर्देश दिए थे तथा लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद भी व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को तत्काल पकड़कर आश्रय स्थल में पहुंचाया जाए, ताकि यातायात सुचारु होने के साथ संभावित दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सके।
इस संबंध में बीडीओ फूलपुर फूलचन्द सरोज ने बताया कि अभी तुरन्त दिखवा रहे हैं। पकड़वाकर पशु आश्रय स्थल भेजवाते हैं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय