खड़े ट्रक में घुसी बाइक, दो युवक घायल, जिला अस्पताल रेफर

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर रानीपुर रजमो स्थित रामदेव महाविद्यालय के सामने खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हजारे मलपुर (चिउटही) गांव निवासी अर्पित यादव (19) पुत्र राम शब्द यादव और अमन यादव (20) पुत्र नागेंद्र यादव अपने चाचा को बाइक से सरायमीर छोड़ने गए थे। चाचा को मुंबई जाने वाली ट्रेन में बैठाने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रानीपुर रजमो के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक-टेलर से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीरपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *