माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान, यूपीसीइजी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया के संयुक्त तत्वावधान में माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़े मिथकों को दूर करना था।
कार्यक्रम में ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान के सचिव राजदेव चतुर्वेदी ने माहवारी स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. संतोष कुमार ने बदलती जीवनशैली और खानपान के कारण कम उम्र में माहवारी शुरू होने व अनियमितता की स्थिति में चिकित्सकों से संपर्क करने की सलाह दी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमरजीत ने संतुलित आहार और महिला चिकित्सक डॉ. रेखा गुप्ता ने सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण व नियमित स्नान पर जोर दिया।
अधीक्षक डॉ. हरिश्चंद्र ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अस्पताल में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को मुफ्त एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को यह टीका लगवाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किशोरियों व प्रतिभागियों को सैनिटरी पैड, नींबू पानी और ग्लूकॉन-डी का वितरण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी, संस्थान के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किशोरियाँ उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *