पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई की आशा कार्यकर्ताओं एवं संगिनी फैसिलिटेटरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. नितिन यादव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं एवं संगिनी फैसिलिटेटरों ने मांग की कि उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और 21 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही उनके परिवार को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, लंबित मानदेय, प्रोत्साहन राशि एवं अन्य बकाया भुगतान समयबद्ध तरीके से करने की मांग उठाई गई।उन्होंने स्कूटी उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केंद्र पर आवास की व्यवस्था करने, महीने में 24 दिन के बजाय 30 दिन का भुगतान करने तथा सभी प्रोत्साहन राशियों को दोगुना करने की मांग भी की। आशा कार्यकर्ताओं एवं संगिनी फैसिलिटेटरों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे इमरजेंसी सेवाओं के दौरान काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराती रहेंगी।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष मीरा देवी, सरोजा, इंद्रावती मौर्य, सुनीता, सुशीला, माला, शशि शर्मा, ऊषा यादव, रेखा तिवारी सहित अन्य आशा कार्यकर्ता एवं संगिनी मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-नरसिंह