लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के नईकोट उर्फ नोनीपुर गांव निवासी पूर्व एसडीएम हरिराम यादव के पुत्र अनिलेश कुमार यादव का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा में चयन हुआ है। उन्होंने 7वीं रैंक प्राप्त कर सहायक समीक्षा अधिकारी के पद पर सफलता हासिल की है।
लखनऊ से चयन के बाद पहली बार घर पहुंचने पर निहोरगंज बाजार में समाजवादी पार्टी विधानसभा लालगंज अध्यक्ष राजनरायन यादव के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उनके आवास पर भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राजनरायन यादव ने कहा कि अनिलेश यादव की सफलता से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति युवाओं की उदासीनता को दूर करना जरूरी है, क्योंकि बिना शिक्षा के प्रगति संभव नहीं है। अनिलेश यादव ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती।
इस अवसर पर पूर्व एसडीएम हरिराम यादव, एलआईसी अभिकर्ता श्रीराम यादव, सचिन यादव, प्रधान प्रतिनिधि विशाल यादव, अनुज कुमार सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामजनम कन्नौजिया, डॉ. रामप्यारे यादव, विनोद यादव, अशोक यादव, राममिलन यादव आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद