वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में दिखा जन्माष्टमी का अद्भुत रंग

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास, उमंग एवं भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों, आकर्षक झांकियों और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ। इस दौरान शिक्षिका सुनीता दीक्षित ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके द्वारा दिए गए संदेशों की वर्तमान समय में उपयोगिता और प्रासंगिकता के बारे में विद्यार्थियों को बताया। इसके बाद केजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य एवं मनमोहक आयोजन किया गया। अभिभावकों ने विशेष उत्साह दिखाते हुए अपने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के रूप में अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाकर विद्यालय भेजा। नन्हे बच्चों का मनमोहक रूप देखकर विद्यालय परिसर में उत्सव का वातावरण और भी जीवंत हो उठा। कार्यक्रम में नंदगांव, कारागार, मटकी फोड़, झूला एवं सेल्फी प्वाइंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने श्रीकृष्ण के भजन, गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्ति एवं आनंद से भर दिया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, कर्म, प्रेम, अनुशासन एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *