एक माह से ठप है जलापूर्ति, अफसर नहीं कर रहे पड़ताल
वाराणसी (सृष्टि मीडिया)। राजातालाब के भिखारीपुर में लगे ग्रामीण पेयजल परियोजना मे तकनीकी खराबी होने से कचनार, रानी बाजार गाँव और परसुपुर मुहल्ला में विगत एक माह से जलापूर्ती बाधित हो गई। सैकड़ों नागरिकों को पेयजल के लिए संकट का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोग आक्रोशित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर यदि जल की आपूर्ति नहीं होगी तो वे त्योहार कैसे मनाएंगे। गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में पानी का संकट बढ़ता जा रहा है। वहीं लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गर्मी में पेयजल की किल्लत

बतादें, स्थानीय निवासी विरेंद्र पटेल, अमृत पटेल, मनोज पटेल, विजेंद्र पटेल, पप्पू विश्वकर्मा आदि का कहना है कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इलाके में हैंडपंप की संख्या भी काफी सीमित है और यहां की आबादी भी लगातार बढ़ रही है जिससे पानी की मांग भी बढ़ती जा रही है। कई हैंडपंप खराब हो गए हैं। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी कार्यालय में टेलीफोनीक शिकायत किया है। इसके बावजूद पेयजल की आपूर्ति नहीं हुई। इस सम्बंध में जेई कुनाल और एई पुरुषोत्तम से दूरभाष किया गया लेकिन फोन नहीं उठा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द पेयजल आपूर्ति नहीं कराया गया तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
रिपोर्ट : अमन विश्वकर्मा