लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां थाना क्षेत्र के डुभांव गांव निवासी दो लोगों की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गयी। दुर्घटना के समय वे मंगलवार की रात पल्हना से घर लौट रहे थे मगर घर नहीं पहुंचे। बुधवार की सुबह उनका शव खाईं से बरामद हुआ।
विकास खंड पल्हना क्षेत्र के ग्राम डुभांव निवासी कामेश्वर सिंह 50 वर्ष पुत्र राम मूरत सिंह एवं राणा प्रताप सिंह 45 वर्ष पुत्र स्व.जनार्दन सिंह अपने घर डुभाव से किसी कार्यवश मंगलवार की देर रात पल्हना बाजार गए थे। कार्य निपटा कर घर लौट रहे थे मगर रात में घर नहीं पहुंचे। बुधवार को सवेरे जब तरवां-लालगंज मार्ग पर लोग टहलने निकले तो देखा कि कन्हैया पासवान के घर के सामने दोनों लोग खाई में गिरे पड़े थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को निकलवा कर सड़क पर किया लेकिन उनकी मौत हो गई थी। मृतक कामेश्वर सिंह पुत्र राम मूरत सिंह निवासी डुभांव थाना तरवा जिनके दो पुत्र बताए जा रहे हैं। पत्नी गुड्डी देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। यह घर पर रहकर खेती बाड़ी का काम करते थे। राणा सिंह पुत्र स्व.जनार्दन सिंह के पास केवल एक लड़का बताया जा रहा है। वह भी घर पर रह कर खेती बाड़ी का काम देखते थे। दोनों लोगों का घर अगल-बगल था। संशय बना हुआ है कि इन्हें किसी गाड़ी से टक्कर लगी है या पेड़ से टकराकर इनकी मौत हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद