मण्डलायुक्त ने एक अधिकारी का कटा वेतन, दो से मांगा स्पष्टीकरण

शेयर करे

अंजानशहीद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने कहा है निर्माण कार्यों को गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराये जाने के दृष्टिगत निर्माणाधीन परियोजनाओं से सम्बन्धित प्रशासकीय विभाग के अधिकारी समय-समय पर कार्यों का निरीक्षण करते रहें। यदि कार्यों में कमी परिलक्षित हो तो तत्समय ही सम्बन्धित कार्यदायी विभाग को अवगत कराकर कमियों को दूर करायें। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में 50 करोड़ तथा 50 लाख से अधिक निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक के दौरान अधीक्षण अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग बलिया के अनुपस्थित रहने पर मण्डलायुक्त ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के साथ ही स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आज़मगढ़ के निर्माण कार्यों तथा अन्य सम्बन्धित कार्यों की अद्यतन प्रगति से अवगत कराने हेतु अधिशासी अभियन्ता, प्रान्तीय खण्ड-5, लोक निर्माण विभाग आज़मगढ़ भी बिना अवगत कराये बैठक से अनुपस्थित थे, जिसपर मण्डलायुक्त ने उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। इसी प्रकार जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यलय बलिया में कराये जा रहे कार्य, मार्ग का चौड़ीकरण व सदृढ़ीकरण कार्य जो वर्ष 2020 का है, की प्रगति अत्यन्त खराब मिलने के कारण अधिशासी अभियन्ता, प्रान्तीय खण्ड, लोक निर्माण विभाग बलिया को भी स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।
मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने कार्यदायी संस्थाओं द्वारा मण्डल के जनपदों में निर्माणाधीन कार्यों की परियोजनावार समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद बलिया में सी एण्ड डीएस द्वारा मुख्यमन्त्री घोषणा से सम्बन्धित दो कार्यों की स्थिति विगत कई माह से अत्यन्त खराब है। परियोजना प्रबन्धक द्वारा ठेकेदार को दो नोटिस दी गयी है। मण्डलायुक्त ने इस कार्यवाही को अपर्याप्त बताते हुए आगाह किया कि यदि आगामी बैठक तक दोनों कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई जाती है तो कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबन्धक के विरुद्ध कार्यवाही हेतु शासन को संस्तुति भेज दी जायेगी।
रिपोर्ट-फहद खान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *