मण्डलायुक्त एवं डीआईजी ने लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों जायजा

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त मनीष चौहान तथा डीआईजी अखिलेश कुमार ने सगड़ी तहसील क्षेत्रान्तर्गत सरयू नदी में आई बाढ़ से प्रभावित कतिपय गांवों का शनिवार को जायजा लिया। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराये जाने वाली राहत सामग्री के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का निरन्तर संज्ञान लेते रहें ताकि आवश्यकतानुसार उसका सुचारु रूप से उपयोग किया जा सके।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से घिरे जो लोग राहत शिविरों में आने को तैयार नहीं हैं उन्हें समझायें और राहत शिविरों तक लायें, ताकि किसी भी प्रकार की जानी नुकसान से बचा जा सके। कहीं कोई अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। मण्डलायुक्त ने कहा कि जो गांव बाढ़ से पूरी तरह से घिर गये हैं वहां पर्याप्त संख्या में नावों को लगाया जाय, किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पशुओं हेतु चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाय। उन्होंने कतिपय आपदा राहत शिविर बनाये गये एक अन्य विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
इसी क्रम में मण्डलायुक्त श्री चौहान तथा डीआईजी अखिलेश कुमार ने बाढ़ राहत शिविर प्राथमिक विद्यालय दाम महुला का स्थलीय निरक्षण किया जहां बाढ़ पीड़ितों से उनका हालचाल पूछा तथा शिविर में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात दोनों अधिकारी ग्राम महुला छितौनी गये जहॉं गत दिवस बन्धे में रिसाव के कारण कुछ पानी करीब के घरों पर पहुंच गया था, परन्तु मौके पर पाया गया कि उक्त रिसाव को पूरी तरह से कवर कर लिया गया है, अब खतरे की कोई बात नहीं है। आपदा राहत टीम द्वारा भी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है तथा टीम लोगों की सहायता में लगी हुई है। डीआईजी अखिलेश कुमार ने बताया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं राहत शिविरों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और शांति व्यवस्था बनाये रखने की दृष्टि से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गयी है।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *