छुट्टी पर घर आये सिपाही की संदिग्धावस्था में मौत

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिछौरी गांव में गुरुवार सुबह छुट्टी पर घर आए 30 वर्षीय सिपाही अंबिका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने कमरे में मृत अवस्था में पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अंबिका यादव वर्ष 2017 बैच के सिपाही थे और प्रयागराज पुलिस लाइन में तैनात थे। वह दो दिन पूर्व छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ भोजन किया। इसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सोने चले गए।
गुरुवार सुबह काफी देर तक उनके नहीं जागने पर उनकी छोटी बहन ममता उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं। वहां अंबिका यादव को मृत अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी गई, जिससे घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, सिपाही की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वही सिपाही की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान बेटे की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *